लॉकडाउन 3.0 की छूट के पहले दिन ही अंबाला में कोरोना बम फूटा है। 25 लोग एक साथ कोरोना वायरस पॉजिटिव निकले हैं। कोरोना पॉजिटिव सभी मजदूर हैं और डॉक्टरों के आवास बना रहे थे। सैंपल रिपोर्ट आते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस प्रशासन को भी अलर्ट कर दिया गया है। वहीं, अभी ये संख्या बढने की आशंका है।
पंजाब सीमा से सटे होने की वजह से हरियाणा के जिला अंबाला में स्वास्थ्य विभाग की विशेष नजर है। ऐसे में अचानक एक साथ 25 लोगों के कोरोना वायरस पॉजिटिव मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा गया है। विभाग की मानें तो कैंट में सिविल अस्पताल के पास ही डॉक्टरों के निर्माणाधीन क्वार्टर हैं। इन्हें बनाने का काम चल रहा था और ये सभी वहीं काम कर रहे थे।
आंकड़ा बढ़ने की आशंका
बताया गया कि अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में डॉक्टरों के लिए क्वार्टर बनाने वाले 86 मजदूरों के सैंपल लिए गए थे। इसमें से 25 कोरोना पॉजिटिव पाए गए। सीएमओ डॉक्टर कुलदीप सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि ये आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है। स्वास्थ्य विभाग की टीम और अधिकारी अस्पताल में पहुंच गए हैं। निर्माणाधीन बिल्डिंग को सील करने की कवायद शुरू कर दी गई है। मजदूर किस-किस के संपर्क में थे, इसको लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।