कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां हवेली नामक रेस्टोरेंट में बैठे एक युवक पर 10 से 12 बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। अपराधियों ने तेजधार हथियारों से युवक के दोनों हाथ काट दिये। यहीं नहीं बदमाश हाथ काटने के बाद उन्हें अपने साथ लेकर फरार हो गए।
ढाब में मौजूद लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया है। वही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
मौके पर मौजूद एक युवक ने बताया कि पीड़ित जुगनू हवेली रेस्टोरेंट में बैठा हुआ था। तभी गाड़ी में सवार होकर 10- 12 युवक आए और उसपर हमला कर दिया। सभी युवकों के मुंह ढके हुए थे। उन्होंने जुगनू के दोनों हाथ काट दिए। यहीं नहीं बदमाश युवक के दोनों कटे हुए हाथ भी अपने साथ लेकर फरार हो गए।
मामले की सूचना मिलने पर मौके पर डीएसपी रामदत्त नैन ने कहा कि पुलिस कंट्रोल रूम से घटना की सूचना मिली थी कि कुरुक्षेत्र के हवेली रेस्टोरेंट में वारदात हुई है। जिस पर यहां पहुंचे तो पता चला कि 10-12 हथियारबंद लोगों ने जुगनू नामक व्यक्ति पर हमला किया तथा उसके हाथ काट कर ले गए हैं।
बताया गया कि इनकी अंकुश कमालपुर या अन्य से रंजिश चल रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ित को लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। उसके बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा व सीसीटीवी से सुराग जुटाए जाएंगे।