पैरोल पर आने के बाद गुरमीत राम रहीम तलवार से केक (Cake) काटकर जश्न मनाते हुए दिख रहे है. इस जश्न में उनके कई अनुयायी भी शामिल हुए है. जबकि पैरोल पर आने के बाद किसी भी सजायाफ्ता कैदी का हथियार अधिनियम के तहत हथियारों का सार्वजनिक प्रदर्शन प्रतिबंधित है. यानि प्रतिबंध के बावजूद राम रहीम द्वारा तलवार से केक काटा गया है. यहीं नही मौके पर भाजपा नेताओं ने भी हिस्सा लिया है।
रेप और हत्या का दोषी राम रहीम रोहतक की सुनरिया जेल में 20 साल की सजा काट रहा है। वह पिछले 14 महीने में चौथी बार पैरोल पर बाहर आया है। 21 जनवरी को उसे 40 दिन की पैरोल मिली है।
बाहर आने के बाद राम रहीम ने 5 घंटे तक ऑनलाइन सत्संग किया है। इसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के OSD, भाजपा के सासंद-विधायक ने भी हिस्सा लिया है।
इसका एक वायरल वीडियो सामने आया है। उसमें राम रहीम कह रहा है कि इस तरह से जश्न मनाने का मौका 5 साल बाद मिला है। मुझे कम से कम 5 केक काटने चाहिए। यह पहला केक है।

CM के OSD और भाजपा MP-MLA ने लिया गुरमीत राम रहीम के सत्संग में हिस्सा
राम रहीम के ऑनलाइन सत्संग में हरियाणा के CM मनोहर लाल खट्र के OSD कृष्ण बेदी और राज्यसभा सांसद कृष्ण पंवार भी सिरसा पहुंचे। दोनों ने राम रहीम से बात भी की। इस मौके पर सिरसा से भाजपा नेता गोबिंद कांडा ने कहा कि भगवान से प्रार्थना है कि जल्द से आपके कष्ट कटें। श्री कृष्ण जी आपको जल्दी सिरसा लेकर आएं।
वहीं राम रहीम से आशीर्वाद लेने वालों में अंबाला सिटी से MLA असीम गोयल, गुहला चीका से भाजपा विधायक कुलवंत बाजीगर की बहू, SDM बराडा बिजेंद्र सिंह, और नगर पालिका चेयरपर्सन रेखा रानी, राई से विधायक मोहन लाल, टोहाना नगर परिषद चेयरमैन नरेश बंसल, उचाना नगर पालिका के चेयरमैन भी शामिल थे। इनके अलावा 2 दर्जन अन्य नेता, और हरियाणा सरकार के अफसर उससे मिलने पहुंचे।