कांग्रेस ने राहुल गांधी के करीबी दीपक बाबरिया को बनाया हरियाणा इंचार्ज, गुटबाज़ी होगी सबसे बड़ी चुनौती

हरियाणा में कांग्रेस हाईकमान ने इंचार्ज बदल दिया है। कांग्रेस ने अब दीपक बाबरिया को हरियाणा कांग्रेस का इंचार्ज बनाया है। बाबरिया को राहुल गांधी का बेहद करीबी माना जाता है। दीपक बाबरिया इससे पहले मध्यप्रदेश के प्रभारी रह चुके हैं। उनके पास दिल्ली के इंचार्ज का भी कार्यभार रहेगा।

इससे पहले हरियाणा में कांग्रेस इंचार्ज रहे शक्ति सिंह गोहिल को गुजरात भेजा गया है। वे अब गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष होंगे। गोहिल पर हुडा गुट का पक्ष लेने के आरोप लगते रहे हैं।

हरियाणा कांग्रेस की गुटबाजी सबसे बड़ी चुनौती

हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी चरम पर है। इस वक्त संगठन पर पूर्व CM भूपेंद्र हुड्‌डा का गुट काबिज है। हुड्‌डा की पसंद उदयभान को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।

हरियाणा कांग्रेस में हुड्‌डा के अलावा यहां रणदीप सुरजेवाला, कुमारी सैलजा और किरण चौधरी के गुट भी सक्रिय हैं। इसी गुटबाजी पर राहुल गांधी अब बाबरिया के जरिए नजर रखेंगे।

हिमाचल और कर्नाटक के बाद कांग्रेस को हरियाणा में वापसी की उम्मीद

कांग्रेस को हरियाणा में 10 साल बाद सरकार की वापसी की उम्मीद है। पिछले 10 साल से यहां भाजपा की सरकार है। ऐसे में कांग्रेस को लगता है कि यहां एंटी इनकंबेसी से कांग्रेस की वापसी हो सकती है। कर्नाटक चुनाव के बाद कांग्रेस के हौसले बुलंद हैं।

इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ओल्ड पेंशन स्कीम यानी OPS के नाम पर वापस आ गई। हरियाणा में भी इसका वादा किया जा रहा है। ऐसे में अच्छा मौका देख कांग्रेस कोई रिस्क नहीं लेना चाहती।

वही हरियाणा कांग्रेस का संगठन करीब 9 साल से भंग है। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष बदलते रहे लेकिन आपसी गुटबाजी के चलते संगठन नहीं बना। अब नए संगठन की लिस्ट जारी करने की तैयारी है।

आप ये लेख HaryanaLive.in पर पढ़ रहे है। आपकी इस पोस्ट के बारे मे क्या राय है हमे हमारे  WhatsApp नंबर पर जरूर बताएं।

इससे पहले हाईकमान ने नेताओं के बगावती सुरों पर नजर रखने के लिए ये बदलाव किया है। अब दीपक बाबरिया की अगुआई में हरियाणा कांग्रेस का नया संगठन घोषित होने की संभावना है।