गुरुग्राम में भ्रष्टाचार के आरोप में तहसीलदार गिरफ्तार, अवैध कालोनियां काटने वालों से लिए थे 40 लाख

गुरुग्राम, न्यूज डेस्क: एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की गुरुग्राम टीम ने तहसीलदार दर्पण कंबोज को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। उन्हें शुक्रवार दोपहर अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा।

दौलताबाद में काटी गई थी अवैध कालोनियां

आपको बता दें गुरुग्राम के दौलताबाद इलाके में अवैध कालोनियां काटी गई थीं। एसीबी के गुरुग्राम प्रभारी पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन के पास इसी साल जनवरी में शिकायत पहुंची थी कि कालोनियां काटने वालों से तहसीलदार दर्पण कंबोज ने 40 लाख रुपये लिए थे। शिकायत के आधार पर एक टीम गठित की गई थी। जांच पूरी करने के बाद टीम ने कंबोज को अपना पक्ष के लिए बुलाया। पूछताछ के दौरान उनके ऊपर जो आरोप लगाए गए थे, वे साबित हो गए। जिसके बाद उन्हें गिरफतार कर लिया गया।

ACB की भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई

आज तहसीलदार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।मामले में और कितने लोगों की भूमिका थी, इस बारे में जानकारी हासिल करने के लिए उन्हें रिमांड पर लिया जाएगा। पिछले कुछ महीनों से एसीबी अधिकारियों और कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर रही है, साथ ही कई मामले में पूछताछ के दौरान आरोप सही साबित होने पर गिरफ्तार कर रही है।

वहीं पिछले चार-पांच महीने के दौरान 30 से अधिक भ्रष्टाचार के आरोपितों को ACB टीम गिरफ्तार कर चुकी है। इधर, तहसीलदार की गिरफ्तारी से सभी विभागीय कार्यालयों मेें चर्चा रही। बता दें कि जिले में अवैध कालोनी काटने की शिकायतें चरम पर हैं। हर सप्ताह किसी न किसी इलाके में डीटीपी की एन्फोर्समेंट टीम तोड़फोड़ अभियान चलाती है।

Amann M Singh

Join our WhatsApp Group