CM खट्टर के पॉलिटिकल सेक्रेटरी का इस्तीफा, जानिए क्या है वजह

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के पॉलिटिकल सेक्रेटरी पूर्व मंत्री कृष्ण बेदी ने इस्तीफा दे दिया है। इसको लेकर CMO में क्यासो का बाजार गर्म हो गया है।

CM मनोहर लाल तीन दिन कुरुक्षेत्र में जनसंवाद कार्यक्रम में बिजी हैं। इस कारण से अभी उनके इस्तीफे को लेकर कोई फैसला नहीं हो पाया है।

वहीं इस्तीफे के बाद चर्चा यह है कि बेदी फिर से राजनीतिक रूप से सक्रिय होकर 2024 में होने वाले चुनाव में अपनी किस्मत आजमाना चाह रहे हैं। इसलिए उनके संगठन में जाने की भी चर्चाएं जोरों पर हैं।

2014 में रह चुके खट्टर सरकार में राज्य मंत्री

हरियाणा में 2014 में हुए विधानसभा चुनाव में कृष्ण बेदी शाहाबाद विधानसभा से विधायक बनकर आए थे। इसके बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा दिया था। इसके बाद वह 2019 में भी चुनाव लड़े, हालांकि इस चुनाव में उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा।

चूंकि बेदी सीएम के काफी करीबी माने जाते हैं, इसके बाद उन्हें सीएम ने अपना पॉलिटिकल सेक्रेटरी नियुक्त कर दिया था।

Join our WhatsApp Group

आपको बता दें हरियाणा सीएम मनोहर लाल की गुड लिस्ट में कृष्ण बेदी आते हैं। यही कारण है कि 2014 में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद पहली बार ही बेदी को सीएम ने अपनी सरकार में राज्य मंत्री नियुक्त किया। इसके बाद 2019 में उन्हें CMO में जगह दी, जिसके बाद से लगातार बेदी शाहाबाद क्षेत्र में राजनीतिक रूप से सक्रिय दिखाई दे रहे हैं।

उनके इस्तीफे के बाद यह चर्चा जोरों पर है कि वह संगठन में सक्रिय होकर फिर से 2024 में टिकट को लेकर दौड़ भाग शुरू करेंगे।