हरियाणा में श्रम मंत्री अनूप धानक की बहन पर रिश्वत मांगने का आरोप, मृतक श्रमिक के रिश्तेदार से काम के बदले मांगे रूपये; ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल

हरियाणा सरकार में जननायक जनता पार्टी (JJP) कोटे से श्रम मंत्री अनूप धानक की बहन पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। उनकी बहन श्रम विभाग में कार्यरत हैं। इस संबंध में एक ऑडियो वायरल हुआ है। जिसमें एक महिला किसी काम के बदले पहले 20 हजार देने को कह रही है।

शिकायत करने वाले का दावा है कि यह महिला कोई और नहीं बल्कि मंत्री धानक की बहन बबीता है। जो श्रम विभाग में क्लर्क है। हालांकि मंत्री और उनकी बहन ने इन आरोपों को झूठा करार देते हुए उन्हें बदनाम करने वालों पर केस दर्ज करवाने की धमकी दी है।

पढ़िए.. ऑडियो रिकॉर्डिंग में क्या बातचीत हुई

शिकायतकर्ता: नमस्कार मैडम जी ठीक हो।

महिला: हां जी, नमस्ते ठीक हैं।

शिकायतकर्ता: वो काम करवा दो जी हमारा।

महिला: जी, कौन सा काम?।

शिकायतकर्ता: डेथ वाला।

महिला: अच्छा कुलदीप बोल रहे क्या। हां, जी आपको बताया तो है उस काम के लिए।

शिकायतकर्ता: तो दे देंगे 20 हजार रुपए, देना तो है ही।

महिला: पहले देने पड़ेंगे जी, अगर काम करवाना है तो।

शिकायतकर्ता: देना तो है ही मैडम जी, काम होते ही दे दूंगा, अगर न दें तो बताइओ।

महिला: ना जी, 20 हजार रुपए ज्यादा तो नहीं हैं।

शिकायतकर्ता: ज्यादा तो नहीं हैं, लेकिन काम होते ही पैसे दे दूंगा।

महिला: न जी, पहले देने पड़ेंगे, अगर दे सकते हो तो दे दो।

आप ये लेख HaryanaLive.in पर पढ़ रहे है। आपकी इस पोस्ट के बारे मे क्या राय है हमे हमारे  WhatsApp नंबर पर जरूर बताएं।

मंत्री और उनकी बहन ने आरोपों से नकारा

वहीं श्रम विभाग में तैनात बबीता ने ऑडियो में उनकी आवाज होने के दावे को सिरे से खारिज कर दिया। बबीता ने कहा- यह मेरी आवाज नहीं है। यकीन न हो तो आप मेरी आवाज रिकॉर्ड कर लो और मैच कर लो। मैं इस मामले में केस दर्ज करवाने जा रही हूं।

इस बारे हरियाणा के राज्य मंत्री अनूप धानक ने कहा- ये वायरल ऑडियो में जो आवाज है, उनकी लेबर डिपार्टमेंट में बतौर अनुबंधित कर्मचारी बहन बबीता की नहीं है। ये ऑडियो फर्जी तरीके से तैयार किया गया है।