पूर्व सीएम हुड्डा का इनेलो को झटका: INLD के प्रदेश सचिव को जॉइन कराई कांग्रेस

News Desk: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने INLD पार्टी को झटका दिया है। हुड्‌डा ने हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व सदस्य और इनेलो के प्रदेश सचिव (कानून प्रकोष्ठ) एडवोकेट सतबीर सिंह को कांग्रेस में शामिल किया है।

उनके साथ हरियाणा पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष व चंडीगढ़ नागरिक समिति के पूर्व सचिव बलवीर सिंह धामा ने भी कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की है। हरियाणा के दोनों नेताओं का पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा ने पार्टी में स्वागत किया और उन्हें पूर्ण मान-सम्मान देने का भरोसा दिया।

हुड्डा बोले कांग्रेस का बढ़ रहा है कुनबा

पूर्व सीएम ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस का कुनबा लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले कुछ महीनों में बीजेपी-जेजेपी व अन्य दलों के पूर्व विधायक, पूर्व प्रत्याशी समेत 50 से ज्यादा बड़े नेता कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। कांग्रेस के प्रति जनता का रुझान बता रहा है कि इस बार प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने जा रही है।

इस मौके सतबीर सिंह एडवोकेट ने कहा कि राजनीतिक जीवन के दौरान उन्होंने भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कार्यकाल भी देखा और मौजूदा सरकार की कार्यशैली भी देखी, लेकिन हुड्डा कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की कोई बराबरी नहीं कर सकता।

हरियाणा की और अधिक खबरों के लिए Join our WhatsApp Group