निशा कानो ने 10 दिन में ही छोड़ी जजपा, अब थामा भाजपा का दामन, आम आदमी पार्टी के चुनाव चिह्न से जीतकर बनी थी नगरपालिका चेयरपर्सन

आम आदमी पार्टी छोड़कर महज 10 दिन पहले ही जजपा में शामिल होने वाली इस्माईलाबाद नगर पालिका चेयरपर्सन निशा कानो वांगा ने रविवार को जजपा को भी अलविदा कह दिया। उन्होंने अपने पति पुनीत गर्ग और समर्थकों के साथ रविवार को एक सादे समारोह में भाजपा का कमल थामा।

राज्यमंत्री संदीप सिंह ने पटका पहनाकर विधिवत रूप से पार्टी में शामिल किया। 10 दिन में ही इस तरह दल बदल करना चर्चा का विषय बना है।

बता दें कि शहर में पहली बार हुए नगरपालिका चुनाव में निशा कानो वांगा आम आदमी पार्टी के चुनाव चिह्न से जीतकर नगरपालिका चेयरपर्सन बनी थीं। निशा कानो वांगा को आम आदमी पार्टी की प्रदेश से एकमात्र चेयरपर्सन होने का सम्मान भी मिला था।

10 दिन पहले 28 अप्रैल को ही वे आम आदमी पार्टी को अलविदा कहकर उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की अध्यक्षता में जजपा में शामिल हो गई थीं लेकिन अब उन्होंने भाजपा में शामिल होकर सबको चौंका दिया है।

आम आदमी पार्टी, जेजेपी , aam Aadmi party, jjp Haryana , aap haryana
Deputy सीएम दुष्यंत चौटाला ने करवाई थी पार्टी ज्वाइन

उनके पति पुनीत गर्ग ने बताया कि उनका परिवार वर्षो से भाजपा का समर्थक रहा है। उनके जजपा में जाने से परिवार के लोगों की नाराजगी बढ़ गई थी। इसके चलते उन्होंने राज्यमंत्री संदीप सिंह के नेतृत्व में भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया।

वहीं भाजपा और जजपा आपस में जुडे होने के कारण वे जजपा नेताओं के संपर्क में आने से जजपा में शामिल हो गए थे लेकिन इससे परिवार के लगभग सभी सदस्य नाराज थे। उनकी और उनके परिवार की शुरू से ही भाजपा में आस्था रही है। यही वजह है कि उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है।