प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को 4 बजे राष्ट्र के नाम संदेश दिया। 17 मिनट के इस संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों परिवारों के लिए अहम ऐलान किया। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण अन्न योजना दीपावली और छठ तक यानी नवंबर के आखिर तक जारी रहेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में लोगों से अनलॉक के दौरान सतर्कता बरतने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि अब मौसम ऐसा है, जब सर्दी-जुकाम आदि बढ़ता है। हमें जब ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है, तब हम ज्यादा लापरवाह होते जा रहे हैं। मास्क, गमछा, फेसकवर और सोशल डिस्टेंसिंग जरूरी है।
गरीब कल्याण अन्न योजना जारी रखने के मायने
- नवंबर तक गरीब परिवार के प्रत्येक सदस्य को 5 किलो गेहूं या चावल मुफ्त और प्रत्येक परिवार को एक किलो चना मुफ्त मिलेगा।
- 80 करोड़ परिवारों को इस योजना का फायदा अगले 5 महीने तक मिलता रहेगा।
- 90 हजार करोड़ से ज्यादा खर्च होंगे इस योजना को आगे जारी रखने में।
- लॉकडाउन के वक्त इस योजना की शुरुआत की गई थी, 3 महीने में 60 हजार करोड़ खर्च हुए।
उन्होंने कहा अब तक अमेरिका की कुल जनसंख्या से ढाई गुना, ब्रिटेन की जनसंख्या से 12 गुना और यूरोपियन यूनियन की आबादी से दोगुने से ज्यादा लोगों मुफ्त अनाज दिया गया।
मोदी के संबोधन की 9 अहम बातें
- अनलॉक में लापरवाही बढ़ी, सतर्कता दिखाने की जरूरत
- कंटेनमेंट जोन में बहुत ध्यान देना होगा
- प्रधान हो या प्रधानमंत्री कोई भी नियमों से ऊपर नहीं
- तीन महीनों में 20 करोड़ जन-धन खातों में 31 हजार करोड़ रुपए जमा
- मुफ्त अनाज की योजना अगले 5 महीने भी लागू
- वन नेशन, वन राशन कार्ड की व्यवस्था हो रही है
- किसानों-टैक्सपेयर की वजह से गरीबों का पेट भर पा रहे हैं
- हम सब लोकल के लिए वोकल होंगे
- मास्क, फेस कवर जरूर पहनें
Join us on Facebook