साध्वी यौन शोषण, पत्रकार छत्रपति व रणजीत सिंह हत्याकांड में सजा काट रहे सिरसा डेरा प्रमुख रामरहीम 20 दिन के पैरोल पर आज बाहर आ सकता है। वही गुरुवार दोपहर राम रहीम की खासदार हनीप्रीत अपने वकील हरीश छाबड़ा के साथ सुनारिया जेल पहुंची। उन्होंने वहां राम रहीम से काफी देर तक मुलाकात की। अनुमान है कि रामरहीम शुक्रवार या शनिवार को पैरोल पर बाहर आ सकता है। हालांकि अभी जेल प्रशासन के पास पैरोल के लिए आधिकारिक आदेश नहीं पहुंचे हैं।
जानकारी के अनुसार सिरसा डेरे में दूसरे गद्दीनशीन संत शाह सतनाम महाराज का 25 जनवरी को अवतार दिवस मनाया जाता है। इस दिन डेरे में भंडारे के साथ सत्संग भी होता है। सिरसा डेरा प्रमुख रामरहीम इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जेल से बाहर आना चाहता है। बताया जा रहा है कि इसके चलते जेल प्रशासन के माध्यम से सरकार से 20 दिन का पैरोल मांगा है। वहीं जेल मंत्री रणजीत चौटाला कह चुके हैं कि मंडल आयुक्त को इस पर निर्णय लेना है।
Join us on WhatsApp