सोनीपत में नमाज पढ़ते मुस्लिमों को पीटा: हथियारबंद लोगो ने बच्चों और महिलाओं को भी नही बक्शा, 16 गिरफ्तार, हालात तनावपूर्ण

Sonipat: हरियाणा में सोनीपत के गांव सांदल कलां में घर में बनी मस्जिद में रात को नमाज पढ़ने के दौरान हिंसा का मामला सामने आया है। डंडे, तलवार व चाकू लेकर पहुंचे करीब 20 युवकों ने नमाज पढ़ रहे मुस्लिमों पर हमला बोल दिया। उनकी जमकर पिटाई की। बताया गया कि महिलाओं और बच्चों को भी पीटा गया है। जिसमें करीब 10 मुस्लिम घायल हुए हैं। उन्हें सोनीपत और खानपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर सतीश बालन सुबह गांव पहुंचे और हालात का जायजा लिया। 10 को नामजद कर कइयों पर केस दर्ज हुआ है। 16 लोगो को हिरासत में लिया गया है।

घायलों का आरोप है कि हमलावरों ने बच्चों और महिलाओं को भी नहीं बख्शा। उनके साथ भी मारपीट की गई। हमलावर उनके नमाज पढ़ने से गुस्से में थे। इस झड़प के बाद इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसका पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों से शांति की अपील कर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया

शिकायतकर्ता ने बताया कि कोई झगड़ा नहीं था, बस नमाज पढ़ने की खुन्नस निकाली गई है। सलीम खान ने बताया कि हम नमाज पढ़ रहे थे। तभी 20-25 लड़के आए। जिनमें एक को बिट्‌टा कह रहे थे। हमारा उनसे कोई झगड़ा नहीं है। उनकी खुन्नस थी कि हम नमाज क्यों पढ़ रहे हैं।

नमाज पढ़ते वक्त डंडे मारे

मुहम्मद सलीम ने कहा कि रात 9 बजे नमाज पढ़ रहे थे। तभी हमला हुआ। हमें नहीं पता कि क्यों मारपीट की। उन्होंने हमें डंडे मारे। उन्होंने चाकू और हॉकी भी ला रखे थे। बुजुर्गों और बच्चों को ज्यादा चोटें लगी हैं।

पुलिस कमिश्नर पहुंचे गांव

गांव सांदल कलां में मस्जिद में नमाज अदा करने मामले में पुलिस कमिश्नर बी सतीश बालन सोमवार सुबह गांव में पहुंचे। उन्होंने हालात का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित असुरक्षित महसूस करेंगे, गांव में पुलिस तैनात रहेगी।

सतीश बालन ने कहा कि गांव के कुछ असामाजिक तत्वों ने रात को मस्जिद में घुसकर नमाज पढ़ने वाले लोगों पर हमला किया है। आपस मे कोई मन मुटाव या तनाव भी नहीं था। पुलिस ने 16 युवकों को राउंडअप किया है, पूछताछ की जा रही है। बिना किसी बात को लेकर कहीं भी धर्म स्थल पर घुसकर इस प्रकार की घटना होगी तो सख्त कार्रवाई होगी।

हरियाणा की और अधिक खबरों के लिए Join our WhatsApp Group