हरियाणा में आज 16 जिलों में रेड अलर्ट, 8 जिलों में स्कूल बंद

हरियाणा में पिछले 3 दिन से लगातार जबरदस्त बारिश हो रही है और आज भी यानी 10 जुलाई के लिए 16 जिलों के लिए भारी बारिश होने का रेड अलर्ट जारी किया गया है। हरियाणा में पिछले 9 घंटे में रिकॉर्ड बारिश हुई, जो सामान्य से 764% अधिक है। इससे प्रदेश की 4 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

आपको बता दें चंडीगढ़ मौसम विभाग ने हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल के साथ दक्षिण और दक्षिण पूर्व के जिले महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत और पानीपत में भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है।

इन 8 जिलों में आज बंद रहेंगे स्कूल

हरियाणा में आज भी बारिश के रेड अलर्ट को लेकर कुछ जिलों में स्कूलों की छुटि्टयां की गई हैं। अंबाला, यमुनानगर में आज और कल स्कूल बंद रहेंगे। गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर, फतेहाबाद, सोनीपत, रेवाड़ी में सिर्फ आज स्कूल बंद रखने के स्थानीय प्रशासन ने आदेश दिए हैं। साथ ही गुरुग्राम में प्राइवेट कंपनियों के कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी गई है।

इन हाईवे पर यातायात बाधित

हरियाणा में अत्यधिक बारिश को देखते हुए अंबाला-हिसार नेशनल हाईवे-152 को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। अंबाला से लुधियाना जाने वाले नेशनल हाईवे-44 का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह लोगों को दी गई है।