हरियाणा पुलिस के 5000 जवानों ने की साइबर ठगों पर सबसे बड़ी रेड: नूंह के 14 गांवों में 160 को हिरासत में लिया, 2 लाख सिमकार्ड ब्लॉक

हरियाणा पुलिस लगातार एक्शन मोड़ में नजर आ रही है। इसी कड़ी में नूंह में पुलिस ने साइबर ठगों पर अब तक की सबसे बड़ी रेड की। शुक्रवार अल सुबह 2 बजे राजस्थान और यूपी के बॉर्डर एरिया से सटे मेवात के 40 गांवों में हरियाणा पुलिस ने एक साथ रेड की है। शुक्रवार दोपहर तक इन क्षेत्रों में पुलिस की छानबीन जारी रही।

2 लाख सिमकार्ड किए ब्लॉक

आपको बता दें रेड से पहले साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहे 2 लाख से ज्यादा मोबाइल सिमकार्ड को बंद कराया गया। नूंह एसपी वरुण सिंगला की देख रेख में 5 हजार पुलिस कर्मियों ने इस सबसे बड़ी रेड को अंजाम दिया। इसमें 6 एएसपी,14 डीएसपी, 102 रेड पार्टी, 102 स्पॉट पार्टी इस रेड में शामिल रही।

रेड में ये मिलने की सूचना

जानकारी के अनुसार सर्च अभियान अभियान के दौरान सैंकड़ों वाहन, 160 संदिग्ध आरोपी, गौमांस, सिम कार्ड, आधार कार्ड आदि को कब्जे में लिया। पुन्हाना सबडिवीजन के गांव खेड़ला, जैमत, मामलीका, लुहिंगाकलां, गोकलपुर, जमालगढ़, तिरवाड़ा, नई, बिछौर सहित करीब दर्जनभर गांव में सर्च अभियान चलाया गया।

सैकड़ों को हिरासत में लिया गया

सर्च अभियान के दौरान पकड़े गए युवाओं को अलग-अलग थानों में रखा गया है। वहीं पुलिस विभाग इस मामले पर अभी कुछ भी कहने से बच रहा। पकड़े गए आरोपियों और बरामद किए गए सामान की सूची बनाने में पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी जुटे हैं। एसपी नूंह वरुण सिंगला के अलावा एसटीएफ के कई बड़े अधिकारी व आसपास के जिलों के कई अधिकारी रात भर चले इस सर्च अभियान में मौजूद रहे।