हरियाणा में बजट सत्र से पहले ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) को लेकर बवाल शुरू हो गया है। OPS की मांग को लेकर रविवार को प्रदेशभर के कर्मचारियों ने पंचकूला से चंडीगढ़ कूच किया। चंडीगढ़ पुलिस ने इन कर्मचारियों को बॉर्डर पर रोक लिया जिसके बाद दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई।
कर्मचारियों ने जब बैरिकैडिंग हटाकर चंडीगढ़ में घुसने की कोशिश की तो उनकी पुलिस से धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान कर्मचारियों को रोकने के लिए पुलिस की ओर से वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। पानी की तेज बौछारों और पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की में कई कर्मचारियों को चोटें आईं। इससे चंडीगढ़-पंचकूला बॉर्डर पर तनाव की स्थिति बन गई।
ये भी पढ़े…….
पुरानी पेंशन योजना लागू हुई तो 2030 तक भारत दिवालिया हो जाएगा: सीएम मनोहर लाल
दरअसल हरियाणा के कर्मचारियों ने चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के सरकारी आवास का घेराव करने का फैसला लिया है। इसे देखते हुए रविवार सुबह ही पंचकूला और चंडीगढ़ पुलिस ने सीमाओं को सील किया है। साथ ही भारी मात्रा में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
हरियाणा में गूंजेगा OPS का मुद्दा
हरियाणा में 20 फरवरी से शुरू होने जा रहे बजट सत्र काफी हंगामेदार होने वाला है। हरियाणा कांग्रेस सदन में ओपीएस की मांग का मुद्दा उठाएगी। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा 2024 में राज्य में कांग्रेस की सरकार आने पर ओपीएस को लागू किए जाने की घोषणा कर चुके हैं। सीएलपी की मीटिंग में भी कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सदन में सरकार को घेरने की योजना बना चुकी है।
